अंडाल में तालाब से लापता युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी

अंडाल क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मुच्छबांध तालाब से एक लापता युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान रबी घोष (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बीते दिन दोपहर से लापता थे।

मिली जानकारी के अनुसार, रबी घोष बिधाननगर के निवासी थे और अंडाल गांव के घोषपाड़ा स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह अक्सर नशे की हालत में रहते थे। घटना वाले दिन भी वह कथित रूप से नशे में तालाब में स्नान करने उतरे थे और गहरे पानी में चले गए, जिससे उनके डूबने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। आज सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अंडाल थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।