दुर्गापुर में स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर कथित जमावड़े को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर ‘दादागिरी’ का आरोप लगाते हुए कड़ा विरोध जताया है, जबकि तृणमूल ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर के सरकारी महाविद्यालय में दुर्गापुर पूर्व, पश्चिम और पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए हैं। यहां केंद्रीय बलों की कड़ी सुरक्षा तैनात है। इसके बावजूद बुधवार रात कुछ लोगों के जमावड़े की तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें बीजेपी ने मीडिया को सौंपा है। तस्वीरों में कॉलेज के बाहर सड़क पर भीड़ देखी जा सकती है।
बीजेपी का आरोप है कि तृणमूल के कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम से 100 मीटर के दायरे में रात के समय इकट्ठा हो रहे हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव में गड़बड़ी करने में नाकाम रहने के बाद अब तृणमूल अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है।
वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बीजेपी की राजनीतिक रणनीति बताया है। फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।
