भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 1.227 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

मधुबनी जिले से सटे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में 1.227 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 48वीं वाहिनी SSB जयनगर और देवधा थाना पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उशराही स्थित मिश्रीलाल चौक के पास एक संदिग्ध मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार को रोका।

वाहन की गहन तलाशी के दौरान ग्लोव बॉक्स के नीचे बने एक गुप्त केबिन से पारदर्शी प्लास्टिक पैकेटों में रखा मटमैले रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद किया गया। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर यह ब्राउन शुगर (हेरोइन) पाया गया, जिसका कुल वजन 1.227 किलोग्राम है।

मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उनसे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।

इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।