नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के इसुआ गांव में रविवार की शाम एक शादी समारोह अचानक हिंसा में बदल गया। बारात के दौरान मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और पत्थरबाजी के साथ फायरिंग शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि बारात में गाड़ी साइड करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया। उसी दौरान कुछ लोगों ने गोलीबारी कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
इस घटना में एक निर्दोष व्यक्ति रामउदय साव (47 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव के श्रवण पासवान के पुत्र की बारात निकलने की तैयारी चल रही थी। डीजे बज रहा था और माहौल पूरी तरह खुशियों से भरा हुआ था, लेकिन अचानक हुए विवाद ने पूरे समारोह को दहशत में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
