भागलपुर नगर परिषद के ईओ कृष्ण प्रसाद की हत्या के बाद उनका पार्थिव शरीर मधुबनी शहर के गदियानी मोहल्ला स्थित पैतृक आवास पर पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मधुबनी नगर परिषद के मेयर अरुण राय, ईओ उमेश भारती, सदर एडीएम चंदन झा समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
मृतक ईओ कृष्ण प्रसाद के परिजनों ने इस घटना को लेकर न्याय की मांग उठाई है। परिजनों का कहना है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। इसके साथ ही परिवार के आश्रितों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई है।
परिजनों ने यह भी मांग की है कि पूरे मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) से कराई जाए, ताकि घटना की निष्पक्ष जांच हो सके और सच्चाई सामने आ सके। साथ ही, स्वर्गीय कृष्ण प्रसाद की स्मृति में स्मारक बनाने की भी मांग की गई है।
फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
