सुल्तानगंज हत्याकांड में 12 घंटे के भीतर बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी रामधनी यादव मुठभेड़ में ढेर

भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद हत्याकांड में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामधनी यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है। इस तेज कार्रवाई से पूरे इलाके में हलचल मच गई है।

बताया जा रहा है कि कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या और नगर सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू पर हुए जानलेवा हमले का मुख्य सूत्रधार रामधनी यादव ही था। मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में हुए इस खूनी हमले के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार सुबह विशेष टीम उसे हत्या में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए एक गुप्त स्थान पर लेकर गई थी।

सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच आरोपी ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मार गिराया। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।