लंढौरा में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मंगलवार को तहसील और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने रुड़की-लक्सर मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से दुकानों के बाहर डाले गए टीन शेड, चबूतरे और अन्य अवैध निर्माणों को तोड़ा गया। वहीं, अस्थायी रूप से लगाए गए फल और सब्जी विक्रेताओं के फड़ भी हटाए गए, जिससे सड़क किनारे की जगह को खाली कराया गया।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा सीजन को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रुड़की, लंढौरा और मंगलौर क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसे देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह तक लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। कुछ दुकानदारों ने विरोध जताने की कोशिश भी की, लेकिन प्रशासन ने सख्ती के साथ अभियान को जारी रखा।
