बंगाल में सत्ता परिवर्तन पर युवक की अनोखी आस्था, दो किलोमीटर दंडवत यात्रा कर माँ काली के दरबार पहुंचा

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन और भाजपा सरकार बनने के बाद आसनसोल से आस्था और राजनीति से जुड़ी एक अनोखी घटना सामने आई है। आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले युवक सोमू भंडारी इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

सोमू भंडारी ने दावा किया कि उन्होंने राज्य में राजनीतिक बदलाव और भाजपा नेता Suvendu Adhikari के मुख्यमंत्री बनने की मन्नत माँ काली से मांगी थी। मन्नत पूरी होने के बाद उन्होंने लगभग दो किलोमीटर तक दंडवत प्रणाम करते हुए मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

युवक के अनुसार, वह राज्य में बढ़ती हिंसा, भ्रष्टाचार और स्थानीय स्तर पर कथित दबंगई की घटनाओं से परेशान थे। इसी कारण उन्होंने माँ काली से प्रार्थना की थी कि राज्य में बदलाव आए और लोगों को राहत मिले।

दंडवत यात्रा के दौरान रास्ते भर लोगों की भीड़ जुटी रही। कई लोग इस अनोखी श्रद्धा को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। मंदिर पहुंचने के बाद सोमू भंडारी ने विधि-विधान से पूजा की और राज्य में शांति एवं विकास की कामना की।

इस घटना के बाद इलाके में आस्था और राजनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की श्रद्धा कम ही देखने को मिलती है।