फलता उपचुनाव में दिखा लोकतंत्र का उत्सव, भयमुक्त माहौल में उमड़े मतदाता

West Bengal के दक्षिण 24 परगना स्थित फलता विधानसभा क्षेत्र में हुए पुनर्मतदान के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। 144 नंबर विधानसभा सीट के खंदालिया उच्च विद्यालय स्थित 252 नंबर बूथ पर बड़ी संख्या में मतदाता उत्साह के साथ वोट डालने पहुंचे।

मतदाताओं ने कहा कि लंबे समय बाद उन्हें बिना किसी डर और दबाव के स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अवसर मिला है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से वे भय और तनाव के माहौल में मतदान करते आ रहे थे, लेकिन इस बार शांतिपूर्ण माहौल ने लोगों में नया उत्साह भर दिया।

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। मतदाताओं ने इस चुनाव को “लोकतंत्र की जीत का उत्सव” बताते हुए कहा कि भयमुक्त मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ।