नालंदा जिले में बिहारशरीफ-कतरीसराय मुख्य मार्ग पर दरियापुर के पास सकरी नदी पर बना करीब 10 साल पुराना पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर धंस गया है। पुल के नीचे से मिट्टी खिसकने के कारण इसके कई पिलर झुक गए हैं, जबकि कैपिंग से लोहे की सरिया बाहर निकल आई हैं, जिससे संरचना बेहद कमजोर हो गई है।
स्थिति को देखते हुए किसी बड़े हादसे की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुल के दोनों ओर ईंट की दीवार बनाकर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया है।
इस पुल के बंद होने से नालंदा के पूर्वी क्षेत्र और शेखपुरा जिले के पश्चिमी हिस्से के दर्जनों गांवों का सीधा संपर्क टूट गया है। स्थानीय लोगों को अब लंबा चक्कर लगाकर यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि मामले की तकनीकी जांच के लिए संबंधित एजेंसियों को भी सूचित किया गया है।
