झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के धनबाद जिला ग्रामीण प्रभारी राकेश किरण महतो की उपस्थिति में शुक्रवार को बरवाअड्डा स्थित अपना ढाबा में धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी की ग्रामीण स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की समस्याओं और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीण प्रभारी राकेश किरण महतो ने कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सभी जिलों में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार समीक्षा बैठकें की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाए ताकि आने वाले समय में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके।
