भारत सरकार के “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत आयोजित युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड के 50 छात्र मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुए। धनबाद स्थित Indian Institute of Technology (ISM) Dhanbad से इन छात्रों को Indian Institute of Technology Indore भेजा गया, जहां वे संस्कृति, शिक्षा, नवाचार और आपसी संवाद के माध्यम से दूसरे राज्य की परंपराओं और जीवनशैली को करीब से जानेंगे।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आईआईटी (आइएसएम) धनबाद के निदेशक Sukumar Mishra तथा पेंटाथलॉन वर्ल्ड चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता Annu Kumari ने संयुक्त रूप से टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बलियापुर की रहने वाली अनु कुमारी ने कहा कि युवा संगम कार्यक्रम युवाओं के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा। इससे देश की विविध संस्कृति, भाषा, खानपान और परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों में काफी उत्साह देखने को मिला। सभी प्रतिभागी मध्यप्रदेश की संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था और स्थानीय परंपराओं को जानने को लेकर उत्साहित नजर आए।
