पोखन्ना में विधायक ने किया सड़क निर्माण व उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पोखन्ना से कशीटांड तक सड़क निर्माण कार्य तथा पोखन्ना पंचायत सचिवालय के समीप 15वें वित्त आयोग मद से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास रविवार को चंदनक्यारी विधायक Umakant Rajak ने किया।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

विधायक ने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच चंदनक्यारी में विकास के नाम पर केवल राजनीति हुई, लेकिन अब विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी |