राजधानी पटना से सटे फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में हत्या की साजिश रच रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि मौलाबाग इलाके में कुछ अपराधी हत्या की नीयत से जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और नयाटोला ग्वाल टोली निवासी मो. सोनू कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान सोनू कुरैशी ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मो. परवेज की हत्या की योजना बना रहा था। आरोपियों को इस हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी और अगले 24 घंटे के भीतर वारदात को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अन्य दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या की साजिश में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की सुपारी किसने दी थी तथा इसके पीछे क्या कारण थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक घटना को रोक दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
