झरिया में वर्षों से बंद पड़े बीसीसीएल के पुराने रोप-वे और परित्यक्त लोहे के ढांचों को हटाने की मुहिम तेज कर दी गई है। उपायुक्त के निर्देश के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर और अनुपयोगी संरचनाओं को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में बुधवार को जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में बंद पड़े रोप-वे के लोहे के ढांचे को काटकर हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान बीसीसीएल अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्य किया गया।
कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ और जोड़ापोखर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही। मशीनों और गैस कटर की सहायता से पुराने एवं जर्जर लोहे के ढांचों को सुरक्षित तरीके से हटाया गया। बीसीसीएल प्रबंधन का मानना है कि इन परित्यक्त संरचनाओं के बने रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
बीसीसीएल ईजे एरिया ईएनएम विभाग के सहायक प्रबंधक कुलवंत सिंह ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जहां-जहां पुराने और अनुपयोगी रोप-वे के ढांचे मौजूद हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से जर्जर ढांचे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते थे। ऐसे में इन्हें हटाने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी।
