तीनमहुआ गांव में तनाव के बीच प्रशासन सतर्क, 7 लोग गिरफ्तार

गिरिडीह: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत तीनमहुआ गांव में प्रतिबंधित पशु का कटा हुआ सिर मिलने की घटना के बाद पिछले पांच दिनों से तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा था। इसी बीच बुधवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, तीनमहुआ गांव में कुछ दिन पूर्व प्रतिबंधित पशु का कटा हुआ सिर मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश था। संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही पुलिस बल की तैनाती कर रखी थी और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही थी।

बताया जाता है कि बुधवार शाम करीब 6 बजे एक धार्मिक स्थल के समीप कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। इस दौरान धार्मिक स्थल की खिड़की में तोड़फोड़ की घटना सामने आई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस, जिला प्रशासन और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और किसी भी बड़े विवाद को टाल दिया। प्रशासन ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब तक 7 लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेजा जा चुका है। वहीं उपद्रव में इस्तेमाल होने की आशंका वाले कई वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।