धनबाद: पुटकी थाना क्षेत्र के एकड़ा सूर्य मंदिर के समीप शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब बीसीसीएल द्वारा प्रस्तावित ओबी (ओवरबर्डन) डम्पिंग मार्ग निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। क्षेत्र में बीसीसीएल अधिकारियों और CISF की भारी मौजूदगी ने संभावित विवाद की आशंका को और बढ़ा दिया।
जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल एरिया-5 की कनकनी कोलियरी के अंतर्गत कार्यरत रामअवतार आउटसोर्सिंग कंपनी को ओबी डम्पिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए बीसीसीएल एकड़ा जोरिया नदी के किनारे सड़क निर्माण कर बासुदेवपुर क्षेत्र में डम्पिंग करने की योजना पर काम कर रही थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रस्तावित सड़क गोपालीचक पासी पट्टी जैसे घनी आबादी वाले इलाके से होकर गुजर रही है, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा और आवागमन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि विरोध के बावजूद सड़क निर्माण कार्य जारी रखा गया और आपत्ति जताने पर अधिकारियों द्वारा सख्ती बरती गई।
मामले की जानकारी मिलने पर धनबाद के महापौर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीसीसीएल अधिकारियों को फटकार लगाते हुए पूछा कि स्थानीय लोगों की सहमति और आवश्यक अनुमति के बिना सड़क निर्माण कार्य क्यों किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्र से भारी वाहनों का संचालन गंभीर चिंता का विषय है। जब तक कोई ठोस और सर्वसम्मत योजना नहीं बनती, तब तक इस कार्य को रोकना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध कोई भी परियोजना लागू नहीं की जानी चाहिए।
वहीं, गोपालीचक के ग्रामीणों ने जितु पासवान और संतोष पासवान के नेतृत्व में बीसीसीएल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रस्तावित मार्ग का विरोध किया। महापौर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सहमति के बिना किसी भी प्रकार का कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
