धनबाद में 22 जून को आजसू का आक्रोश मार्च, महिला और युवा सम्मेलन का भी ऐलान

बोकारो आजसू पार्टी ने धनबाद में नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में 22 जून को आक्रोश मार्च निकालने का निर्णय लिया है। यह फैसला बोकारो में आयोजित पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में आजसू प्रमुख सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी सहित केंद्रीय और जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती, राज्य के राजनीतिक हालात और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने बताया कि संगठन विस्तार के तहत 5 जुलाई को रांची में महिला सम्मेलन और 7-8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर पार्टी विशेष ध्यान दे रही है।

वहीं सुदेश महतो ने धनबाद की घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में स्थापना दिवस और बलिदान दिवस के अवसर पर 22 जून को धनबाद में आक्रोश मार्च निकाला जाएगा।

आजसू पार्टी ने कहा कि वह जनसरोकार के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी और आगामी कार्यक्रमों के जरिए संगठन को और मजबूत करेगी।