बलिया उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय परिसर में कथित अश्लील नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सीयर शिक्षा क्षेत्र के तारनपुर गांव स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नर्तकियों द्वारा कथित अश्लील नृत्य किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विद्यालय ग्रीष्मावकाश के कारण 20 मई से 20 जून तक बंद है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद की ड्यूटी जनगणना कार्य में सुपरवाइजर के रूप में लगी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तारनपुर निवासी राम बचू भारती की पुत्री का विवाह 29 मई को था। आरोप है कि विवाह समारोह के दौरान बिना अनुमति विद्यालय परिसर में बारात ठहराई गई और सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर नाच-गाने का आयोजन कराया गया। इसी कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी सुनील चौबे और प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से उभांव थाने में तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
उभांव थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच पुलिस एवं शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही है।
