कुमारधुबी कोलयरी में 22 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

निरसा धनबाद, 9 जून बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (सीटू) के बैनर तले कुमारधुबी कोलयरी में सोमवार से 22 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया। आंदोलन के पहले दिन यूनियन नेताओं और मजदूरों ने ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मजदूर हितों की लगातार अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया।

यूनियन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को ही प्रबंधन को 22 सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए 9 जून से अनिश्चितकालीन धरने की सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से मजदूरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

धरना दे रहे श्रमिकों ने कोयला, केबल, मशीन और डीजल चोरी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। साथ ही पीओ और एमओ कार्यालय से संबंधित कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि डिस्पेंसरी में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कोलियरी परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की जाए।

मजदूरों ने कोलयरी का उत्पादन बढ़ाने, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, लंबित एरियर का भुगतान करने और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की भी मांग की। उनका कहना है कि श्रमिकों की बुनियादी समस्याओं का समाधान किए बिना उत्पादन और कार्यकुशलता बढ़ाना संभव नहीं है।

यूनियन नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल कुमारधुबी कोलयरी तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में ईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की शाखाओं में भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद कोलयरी मुख्यालय पर विशाल धरना आयोजित कर प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

यूनियन का कहना है कि जब तक मजदूरों की जायज मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।