पत्नी की बरामदगी नहीं होने से नाराज पति का हाई वोल्टेज ड्रामा

 मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में पत्नी की बरामदगी नहीं होने से नाराज एक युवक ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। युवक ने पहले सकरा थाना के बाहर प्रदर्शन किया, फिर सड़क पर लेट गया और कई बार आत्महत्या की कोशिश का नाटक करते हुए गले में गमछा बांध लिया। हंगामे के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

बताया जाता है कि सकरा थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव निवासी सानंद कुमार उर्फ भोला अपनी पत्नी और बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर थाना पहुंचा था। जब उसकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो वह थाना गेट के बाहर धरने पर बैठ गया और सड़क जाम कर दी।

हंगामे के दौरान पास स्थित रेलवे गुमटी पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण गुमटी समय पर बंद नहीं हो सकी, जिसके चलते बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस को ढोली स्टेशन पर रोकना पड़ा। जानकारी के अनुसार ट्रेन करीब 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को सड़क से हटाया गया। करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और रेलवे गुमटी बंद कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

युवक सानंद कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी शोभा देवी अप्रैल 2025 में अपने बच्चे के साथ घर से निकल गई थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। इस मामले में उसने सकरा थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। उसका आरोप है कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद पुलिस उसकी पत्नी और बच्चे को बरामद नहीं कर सकी है।

वहीं, सकरा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि युवक द्वारा पत्नी और बच्चे के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान पता चला कि महिला ने दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में अपने पति के खिलाफ महिला उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पुलिस जब महिला के पास पहुंची तो उसने अपहरण की बात से इनकार करते हुए पति के साथ रहने से मना कर दिया।

थानाध्यक्ष के अनुसार मामला न्यायालय में लंबित है। इसी वजह से महिला को यहां नहीं लाया जा सका। फिलहाल पुलिस मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।