बाघमारा में अवैध कोयला खनन पर कार्रवाई, सीआईएसएफ और बीसीसीएल ने अवैध मुहाने की कराई भराई

धनबाद जिले के बाघमारा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीआईएसएफ और बीसीसीएल की संयुक्त टीम ने जोगता थाना क्षेत्र के श्याम बाजार छह नंबर चानक के समीप एक अवैध कोयला खदान के मुहाने को भरकर बंद कर दिया।

जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उक्त स्थल पर छापेमारी की। जांच के दौरान अवैध खनन के लिए बनाए गए मुहाने की पहचान की गई, जिसके बाद उसे भरकर पूरी तरह बंद कर दिया गया।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन का कारोबार चल रहा था। उनका कहना है कि रात के अंधेरे में अवैध रूप से निकाले गए कोयले को बड़े वाहनों के माध्यम से अन्य स्थानों पर भेजा जाता था।

अवैध मुहाने को बंद किए जाने के बाद आसपास के लोगों में संतोष देखा गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगेगी और सुरक्षा संबंधी खतरे भी कम होंगे।

हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि पूर्व में भी ऐसी कार्रवाइयां हुई हैं, लेकिन बाद में अवैध खनन फिर शुरू हो गया। उन्होंने प्रशासन से लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि अवैध खनन पर स्थायी रूप से रोक लगाई जा सके।

फिलहाल बीसीसीएल और सीआईएसएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।