बासजोड़ा गोलीकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आजसू का मशाल जुलूस

पुटकी बासजोड़ा गोलीकांड की सीबीआई जांच और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आजसू पार्टी के बैनर तले पुटकी में मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व बिशु महतो ने किया, जबकि इसमें झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रामचन्द्र सहिस मुख्य रूप से शामिल हुए।

मशाल जुलूस प्रभु महतो चौक से शुरू होकर भागाबांध रोड, पुटकी मोड़ और थाना मोड़ होते हुए पुनः पुटकी मोड़ पर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने न्याय के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की तथा सरकार से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कराने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए रामचन्द्र सहिस ने कहा कि बासजोड़ा में हुए गोलीकांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आजसू पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

उन्होंने राज्य सरकार से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने लाने और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र जांच जरूरी है।

मशाल जुलूस में रतिलाल महतो, संतोष महतो, गोबिंद महतो, नरेश महतो, रामाशंकर तिवारी, शर्वेश्वर महतो, मिनी महतो, मधु महतो, संजय महतो, मुकेश नायक, राकेश ग्याली, शुभम शेखर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक शामिल रहे।

आजसू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।