सड़क हादसे में मृत कृष्ण कुमार ठाकुर के परिजनों से मिले नाय संगठन के पदाधिकारी, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

मधुबन खजौली थाना क्षेत्र के ठाहर गांव में सड़क दुर्घटना में मृत हुए कृष्ण कुमार ठाकुर के परिजनों से मिलने राष्ट्रीय नाय महासभा के प्रतिनिधि पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार 5 जून की सुबह करीब 6:30 बजे 35 वर्षीय कृष्ण कुमार ठाकुर साइकिल से घर से निकले थे। इसी दौरान खजौली-मधुबनी मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं।

घटना के दो दिन बाद 7 जून को स्थानीय विधायक एवं बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पीड़ित परिवार से मिलने ठाहर गांव पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने परिवार को न्याय और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। हालांकि, गांव में मंत्री के दौरे के दौरान उनके काफिले पर कथित हमला हुआ, जिसमें वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं और चार पुरुषों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गांव के कुछ लोगों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है और कई परिवार गांव छोड़कर चले गए हैं।

मृतक के परिजनों का कहना है कि उनका परिवार न्याय और उचित मुआवजे की मांग कर रहा है। उनका आरोप है कि निर्दोष लोगों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जा रहा है, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

राष्ट्रीय नाय महासभा, मधुबनी के जिला अध्यक्ष राजा ठाकुर, उत्तम ठाकुर, विनोद ठाकुर, शंकर ठाकुर, अमरेश ठाकुर एवं शीतल ठाकुर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि सड़क हादसे में एक परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य चला गया है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो, लेकिन किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाए।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वे इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेंगे और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे। वहीं मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में अभी भी शोक और भय का माहौल बना हुआ है।