अस्थावां थाना को मिला नया थानाध्यक्ष, उत्तम कुमार को दी गई भावभीनी विदाई

नालंदा अस्थावां थाना में नए पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने पदभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।

नए थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पदभार ग्रहण करने के बाद सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने थाना के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा भी की और अपराध नियंत्रण को लेकर रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं स्थानांतरित पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष उत्तम कुमार के सम्मान में मंगलवार को थाना परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने उत्तम कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई और आम जनता के साथ पुलिस के बेहतर संबंध स्थापित हुए। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों के सफल निष्पादन में अहम भूमिका निभाई।

अपने संबोधन में उत्तम कुमार ने अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्थावां में मिले सहयोग और स्नेह को वह हमेशा याद रखेंगे।

विदाई समारोह में पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने उत्तम कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।