पुलिस से बचने के दौरान बाइक पेड़ से टकराई, शराब तस्करी के आरोप में एक युवक की मौत,

 राजधानी पटना से सटे बिहटा के आईआईटी थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्ती टीम से बचने के प्रयास में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक कथित शराब कारोबारी की मौत हो गई। घटना मीठापुर नहर पुल के समीप की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस गश्ती दल को एक बाइक पर दो बोरे में शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने संदिग्ध बाइक का पीछा किया। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।

हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति सड़क से दूर जा गिरा और घायल अवस्था में वहां से फरार हो गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के बेरर गांव निवासी राम कुमार के रूप में हुई है, जो हरेन्द्र यादव का पुत्र बताया जा रहा है।

घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक, एक मोबाइल फोन और करीब 40 लीटर देशी शराब बरामद की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी के पुलिस अधिकारी भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

पुलिस फरार हुए दूसरे व्यक्ति की तलाश में भी जुटी हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।