भागलपुर बिहार कृषि विश्वविद्यालय में आगामी 27 एवं 28 जून को दो दिवसीय भव्य “आम समागम-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष समागम की थीम “स्वाद, संस्कृति और समृद्धि का संगम” रखी गई है। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल करेंगे, जबकि राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी, प्रगतिशील किसान और आम प्रेमी इसमें भाग लेंगे।
विशेष बात यह है कि हाल ही में भागलपुर के प्रसिद्ध मधुबन बगीचे से आम की विशेष किस्में देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक पहुंचीं और प्रधानमंत्री तथा राष्ट्रपति को उपहार स्वरूप भेजी गई थीं। इसके बाद भागलपुर के आमों की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर हुई है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने बताया कि आम समागम के दौरान “आधुनिक तकनीक से गुणवत्तायुक्त आम उत्पादन, भंडारण एवं प्रसंस्करण” विषय पर राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें आम उत्पादन की नवीनतम तकनीकों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, फसल सुरक्षा और प्रसंस्करण के आधुनिक तरीकों पर विशेषज्ञ विस्तार से जानकारी देंगे।
इस वर्ष आम समागम में देशभर की 100 से अधिक आम किस्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। सैकड़ों किस्मों की यह प्रदर्शनी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी। साथ ही कृषि नवाचारों और कृषि आधारित उद्यमिता से जुड़े विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
आम प्रेमियों के लिए “मैंगो ईटिंग प्रतियोगिता” का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन किसानों, उद्यमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कृषि वैज्ञानिकों के लिए ज्ञान, नवाचार और व्यवसायिक अवसरों का बड़ा मंच साबित होगा। साथ ही भागलपुर की आम संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
