प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर कपिलेश्वर मंदिर में विशेष पूजा,

निरसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर निरसा की पूर्व विधायक एवं भाजपा नेत्री अर्पणा सेनगुप्ता ने पांडर गांव स्थित कपिलेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश के निरंतर विकास के लिए बाबा कपिलेश्वर से आशीर्वाद मांगा।

पूजा-अर्चना के बाद अर्पणा सेनगुप्ता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में कुछ तिथियां ऐतिहासिक बन जाती हैं और कुछ नेतृत्व अपने कार्यों के कारण समय की सीमाओं से आगे निकल जाते हैं। उन्होंने कहा कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4399 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि लगातार तीन बार जनता का विश्वास प्राप्त करने और देश के विकास के प्रति समर्पित नेतृत्व का प्रतीक है। वर्ष 2014 से 2026 तक के कार्यकाल में भारत ने राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की है।

अर्पणा सेनगुप्ता ने कहा कि आज भारत डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष विज्ञान, रक्षा आत्मनिर्भरता और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।

इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति पर खुशी जताई और उनके दीर्घायु होने की कामना की।