झरिया लोदना क्षेत्र के बागडीगी कोलियरी में रोजगार बहाली की मांग को लेकर असंगठित मजदूर मोर्चा यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने बुधवार को उग्र आंदोलन किया। आंदोलन का नेतृत्व यूनियन के सचिव राज कुमार भुइयां ने किया। आंदोलन के कारण ट्रांसपोर्टिंग कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।
सुबह 6 बजे से शुरू हुआ आंदोलन दोपहर 12 बजे तक जारी रहा और समय के साथ मजदूरों का आक्रोश बढ़ता गया। आंदोलन के दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलन की सूचना मिलने के बाद लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से पत्र जारी कर 18 जून को वार्ता के लिए सहमति दी गई है। प्रबंधन ने कहा है कि बातचीत के माध्यम से मजदूरों की समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
यूनियन सचिव राज कुमार भुइयां ने बताया कि बागडीगी कोलियरी में पहले लगभग 500 मजदूरों को ट्रक लोडिंग के माध्यम से रोजगार मिलता था। लेकिन प्रबंधन की लापरवाही के कारण पिछले एक वर्ष से मैनुअल लोडिंग का कार्य बंद पड़ा हुआ है। वर्तमान में पेलोडर मशीनों के माध्यम से लोडिंग कार्य कराया जा रहा है, जिससे सैकड़ों मजदूरों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार छिन जाने के कारण करीब 500 मजदूर और उनके परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। मजदूर लंबे समय से रोजगार बहाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
राज कुमार भुइयां ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बीसीसीएल प्रबंधन जल्द इस समस्या का समाधान नहीं करता है, तो मजदूर और भी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
