बागड़ीगी कोलियरी में रोजगार बहाली की मांग को लेकर मजदूरों का उग्र आंदोलन,

धनबाद झरिया लोदना असंगठित मजदूर मोर्चा यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन के सचिव सूरज कुमार भुइयां के नेतृत्व में बुधवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मजदूरों ने बागड़ीगी कोलियरी में उग्र आंदोलन किया। आंदोलन के कारण ट्रांसपोर्टिंग कार्य पूरी तरह ठप हो गया और कोयला परिवहन प्रभावित रहा।

मजदूरों का आंदोलन सुबह 6 बजे से शुरू हुआ, जो दोपहर 12 बजे तक लगातार उग्र होता गया। आंदोलनकारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोजगार बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

आंदोलन की सूचना मिलने के बाद लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक की ओर से पत्र जारी कर 18 जून को वार्ता के लिए सहमति जताई गई है। प्रबंधन ने कहा है कि वार्ता के दौरान मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

मोर्चा के सचिव सूरज कुमार भुइयां ने बताया कि बागड़ीगी कोलियरी में पहले लगभग 500 मजदूरों को ट्रक लोडिंग के माध्यम से रोजगार मिलता था। लेकिन प्रबंधन की लापरवाही के कारण पिछले एक वर्ष से मैनुअल लोडिंग का कार्य बंद पड़ा है। वर्तमान में पेलोडर मशीनों के माध्यम से लोडिंग कार्य कराया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में मजदूर बेरोजगार हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक मजदूरों को पुनः रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि वार्ता में कोई ठोस समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।