सपा विधायक जयप्रकाश अंचल ने बिहार मॉडल की सराहना की, बोले- “घर यूपी में

बलिया बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी ने बलिया के बैरिया क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बैरिया से सपा विधायक जयप्रकाश अंचल ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए बिहार के विकास मॉडल, विशेषकर बाढ़ प्रबंधन की सराहना की।

विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि बाढ़ से निपटने के मामले में बिहार, उत्तर प्रदेश से बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार सरकार बाढ़ आने से पहले अपनी अधिकांश फ्लड फाइटिंग परियोजनाओं को पूरा कर लेती है, जबकि उत्तर प्रदेश में कई योजनाएं समय पर पूरी नहीं हो पाती हैं।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में आज भी ऐसी स्थिति है कि लोगों का घर उत्तर प्रदेश में है, लेकिन वे बिजली का बिल बिहार में जमा करते हैं। यह दोनों राज्यों के बीच विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।

सपा विधायक ने कहा कि बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवा और आम जनता परेशान है। इन्हीं मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरी है और सरकार से जवाब मांग रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखाती है तो समाजवादी पार्टी का आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा।