गोंडा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में घायल युवक की मदद करने पहुंचे दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर पहले एक डंपर की टक्कर से एक युवक घायल हो गया था। घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्थानीय लोग और परिजन उसे एंबुलेंस तक ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार एक्सयूवी ने लोगों के समूह को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि 10 वर्षीय बच्चे समेत कई लोग कई फीट हवा में उछलकर सड़क किनारे खंती में जा गिरे। हादसे में कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं और शरीर की हड्डियां टूट गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
