राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित घाना कॉलोनी (सोरंगपुर) में अवैध मादक पदार्थों के भंडारण एवं बिक्री की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, हथियार, शराब और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से मादक पदार्थों का भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने छापेमारी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8.819 किलोग्राम ब्राउन शुगर, 1.181 किलोग्राम हेरोइन, 11.49 लीटर विदेशी शराब, एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा मादक पदार्थों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद मादक पदार्थों की मात्रा को देखते हुए यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क का मामला प्रतीत होता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) रंजन कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बरामदगी और गिरफ्तारी की जानकारी दी
