शाहपुर हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह; एक आरोपी गिरफ्तार

 राजधानी पटना से सटे गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 9-10 अप्रैल 2026 की रात गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक व्यक्ति की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना के निर्देशन में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने लगातार तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के साथ-साथ घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आई कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग मुख्य कारण था। पुलिस ने मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) पटना रंजन कुमार ने मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी।