नालंदा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बेना थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है।
बेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पैठना मल बिगहा खंध स्थित पावर हाउस रोड क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मेहंदी बिगहा निवासी संतोष कुमार, पिता कपिलदेव यादव, थाना चंडी, जिला नालंदा को 80 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब के इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नालंदा पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी और अवैध शराब निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
