मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बसवरिया गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बसवरिया गांव निवासी श्याम सुंदर यादव के 8 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह रौनक किसी काम से घर के बाहर था, तभी वह अचानक बिजली की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल इलाज के लिए साहरघाट के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बिजली सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।
