शिवहर जिले के बेलवा में सड़क निर्माण के लिए प्रस्तावित नए अलाइनमेंट के विरोध में पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे रंजन चौधरी का अनशन प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की पहल पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अविनाश कुणाल और एसडीपीओ अनुशील कुमार अनशन स्थल पहुंचे और वार्ता के बाद अनशन समाप्त कराया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण के पुराने अलाइनमेंट पर विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद एसडीएम ने रंजन चौधरी को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।
बताया जाता है कि स्टेट हाइवे के बेलवा-देवापुर खंड में सड़क निर्माण के लिए नक्शे में किए गए बदलाव के विरोध में बेलवा गांव के ग्रामीणों ने बेलवा हनुमान मंदिर परिसर में सोमवार से बेमियादी अनशन शुरू किया था। ग्रामीणों का आरोप था कि नए अलाइनमेंट से कई लोगों को नुकसान होगा और स्थानीय जनहित प्रभावित होगा।
अनशन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने अलाइनमेंट के आधार पर सड़क निर्माण कराने की मांग की थी। प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल और मांगों पर विचार का भरोसा दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।
इस मौके पर पैक्स अध्यक्ष अंकेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
