मुजफ्फरपुर पुलिस ने कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए सामान भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 को नरसंडा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने दुकान से मोबाइल फोन, इनवर्टर, ब्लूटूथ, चार्जर, बैटरी समेत करीब 40 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली थी। इस संबंध में दुकान संचालक कमल कुमार अंशु के आवेदन पर कांटी थाना में कांड संख्या 321/26 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया।
जांच के दौरान 11 जून को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रक्सौल में छापेमारी कर मामले में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी गए कई सामान भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
इस सफल कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
