नवनिर्वाचित एमएलसी अरविंद शर्मा का गांव में भव्य स्वागत, नागरिक अभिनंदन समारोह में उमड़ा जनसैलाब

बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य एवं भाजपा नेता सूर्य कुमार शर्मा उर्फ अरविंद शर्मा का रविवार को उनके पैतृक गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। एमएलसी निर्वाचित होने के बाद पहली बार गांव पहुंचे अरविंद शर्मा के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने हिस्सा लिया।

गांव के निकट पहुंचते ही उनके काफिले का जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और खुशी का इजहार किया। गांव की गलियों से निकलकर विधान परिषद तक का सफर तय करने वाले मध्यमवर्गीय किसान परिवार से जुड़े अरविंद शर्मा को उनके साथियों और समर्थकों ने कंधे पर उठाकर सम्मान दिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र स्वागत नारों और उत्साह से गूंज उठा।

अपने गांव और क्षेत्रवासियों का स्नेह पाकर एमएलसी अरविंद शर्मा भावुक नजर आए। उन्होंने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, सड़क, सिंचाई और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा दिया।

गांव पहुंचने से पूर्व अरविंद शर्मा ने प्रसिद्ध उलार सूर्य मंदिर में पहुंचकर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की। इसके बाद वे नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुए, जहां लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।