दो माह की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

मधुबनी जिले के अंधरामठ थाना क्षेत्र अंतर्गत नया टोल घघोली गांव में एक नवविवाहित गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय काजल कुमारी, पति संतोष कुमार साह, निवासी नया टोल घघोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काजल दो माह की गर्भवती थी।

घटना की सूचना मिलते ही अंधरामठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में तनाव का माहौल है।

सदर अस्पताल पहुंचे मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि काजल कुमारी की शादी इसी वर्ष मार्च महीने में घघोली गांव निवासी संतोष कुमार साह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और अब उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।

मायके वालों ने आरोप लगाया कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।