बोकारो जिले के चीरा चास थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। इलाज के लिए पिछले तीन महीने से वेल्लोर गए एक बुजुर्ग के सूने घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, चीरा चास थाना क्षेत्र के गांधाजोड़ निवासी करीब 60 वर्षीय विजय कुमार मिश्रा उपचार के सिलसिले में पिछले तीन माह से वेल्लोर में रह रहे हैं। इसी का फायदा उठाकर 14 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात, एलईडी टीवी, इनवर्टर बैटरी, इंडक्शन चूल्हा सहित कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार सुबह विजय कुमार मिश्रा के बड़े भाई शिव नारायण मिश्रा घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। पहले उन्हें लगा कि परिवार के सदस्य लौट आए होंगे, लेकिन घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा मिला और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चीरा चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
