समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सातनपुर वार्ड संख्या-3 में कथित तौर पर भतीजों द्वारा अपने ही चाचा की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर वार्ड संख्या-3 स्थित पसीखाना में आपसी विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई। इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए मदन साह की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामदेव साह के 35 वर्षीय पुत्र मदन साह के रूप में की गई है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि घर निर्माण को लेकर लंबे समय से परिवार के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि भतीजों ने मिलकर मदन साह की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी कर रही है।
