मॉब लिंचिंग: चोरी के आरोप में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र से मॉब लिंचिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। झुनकिया बाबा मंदिर के समीप चोरी के आरोप में उग्र भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान पटना स्थित पीएमसीएच में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव निवासी 24 वर्षीय पिंटू पासवान और 18 वर्षीय श्रवण पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ राजगीर मेला घूमने आए थे। इसी दौरान देर रात उन्हें चोरी के आरोप में कुछ लोगों ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और दोनों युवकों के साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर राजगीर थाना की गश्ती पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हालत गंभीर होने के कारण दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है।

यह घटना एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।