लोयाबाद में ग्रामीणों और कांग्रेस समर्थकों की बैठक, किशुन रवानी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

 लोयाबाद धनबाद सोमवार को निचितपुर गडेरिया फुटबॉल मैदान में ग्रामीणों एवं कांग्रेस समर्थित लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक मोहलीडीह पंचायत के मुखिया मुहम्मद आजाद और जिला परिषद सदस्य इस्रफिल लाला के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने 20 मई को बांसजोड़ा बस्ती में हुई हिंसक झड़प और कांग्रेस कार्यकर्ता किशुन रवानी की हत्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि मामले के नामजद आरोपी प्रदीप महतो और हीरालाल महतो अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन पर कार्रवाई में तेजी लाने का दबाव बनाया।

मुखिया मुहम्मद आजाद ने कहा कि बाहरी लोगों को लाकर बस्ती का माहौल खराब किया गया, जिसके परिणामस्वरूप हिंसक झड़प हुई। उन्होंने दावा किया कि इसी घटना में कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता किशुन रवानी की गोली लगने से मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि घटना के दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और मामले को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए ग्रामीण और कार्यकर्ता एकजुट हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित लोगों ने मृतक किशुन रवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न्याय की लड़ाई को जारी रखने का संकल्प लिया।