रामगढ़ जिले के उपायुक्त ऋतुराज बुधवार को बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। प्रशासनिक दायित्वों से इतर उन्होंने जनता के बीच पहुंचकर कई सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। कहीं वे शिक्षक बनकर स्कूली बच्चियों को पढ़ाते दिखे तो कहीं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाते नजर आए। इसके अलावा भैरवी डैम पहुंचकर मत्स्य मित्रों के साथ मछलियों को दाना भी खिलाया और उनसे संवाद किया।
इस दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भैरवी डैम से जुड़ी सिंचाई परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है और जल्द ही लगभग 40 गांवों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। डीसी के इस जनसरोकार वाले अंदाज की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की और इसे प्रशासन एवं जनता के बीच बेहतर संवाद का उदाहरण बताया।
