नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख से ज्यादा की ठगी का आरोप

धनबाद जिले के लोदना क्षेत्र से नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित राजीव कुमार यादव ने धनबाद पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार लोदना नंबर-6 खटाल पट्टी निवासी राजीव कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि लोदना वैगन पट्टी निवासी एमडी फैज खान उर्फ डॉक्टर ने एफसीआई टाटा जमशेदपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 10 लाख 18 हजार 600 रुपये लिए।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन पैसे लेने के बाद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। काफी प्रयासों के बाद भी जब पैसे वापस नहीं मिले तो पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है।

फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।