बोकारो के चास थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। चेक पोस्ट के समीप स्थित शिवा लॉज के एक कमरे से सड़ी-गली अवस्था में एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान धनबाद जिले के जयप्रकाश नगर निवासी लक्ष्मण साव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण साव बोकारो और रांची में जमीन का कारोबार करता था। लॉज के तीसरी मंजिल स्थित कमरा संख्या 15 में उसका शव पंखे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलने के बाद चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों का कहना है कि 17 जून को पत्नी से फोन पर बातचीत के दौरान लक्ष्मण साव ने घर आने की बात कही थी। परिजनों ने जमीन कारोबार से जुड़े विवाद के कारण हत्या की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
