रुड़की कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के लिए भुट्टा बेचने वाला युवक फरिश्ता बनकर सामने आया। गंगनहर में डूब रहे युवक को बचाने के लिए मोनू नाम के युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव वाली नहर में छलांग लगा दी और युवक की जान बचा ली। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रुड़की के सोलानी पार्क के पास गंगनहर में सहारनपुर के छुटमलपुर निवासी सुमित नाम के युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते अचानक छलांग लगा दी। नहर में गिरते ही वह तेज बहाव में बहने लगा और डूबने लगा।
युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसी दौरान सोलानी पार्क के पास भुट्टा बेच रहे मोनू नाम के युवक ने बिना देर किए गंगनहर में छलांग लगा दी।
मोनू ने अपनी जान जोखिम में डालकर डूब रहे सुमित को पानी से बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली। मौके पर मौजूद एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लोग मोनू के साहस और मानवता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। समय पर मदद मिलने से सुमित की जान बच सकी।
