नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के गागोबिगहा गांव में हथियारबंद अपराधियों ने एक किसान के घर में धावा बोलकर बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने पति-पत्नी को बंधक बनाकर करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई और पिस्तौल से हमला कर घायल कर दिया गया।
गागोबिगहा गांव में बुधवार की देर रात हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित स्वर्गीय जगदीश प्रसाद सिंह के पुत्र प्रवीण कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजकर 15 मिनट के आसपास वह अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे।
इसी दौरान करीब 10 की संख्या में हथियारबंद अपराधी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने बंदूक दिखाकर पति-पत्नी को डराया और दोनों को बंधक बना लिया।
पीड़ित के अनुसार अपराधियों ने घर में रखे गोदरेज और पेटी को तोड़कर करीब 20 भर सोना, नकदी और अन्य कीमती सामान समेत लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली।
बताया जा रहा है कि विरोध करने पर अपराधियों ने महिला के साथ मारपीट की और उसके सिर पर पिस्तौल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
