मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 लीटर चोरी के डीजल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण जिले में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोटवा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चोरी के डीजल के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मोतिहारी के कोटवा थाना क्षेत्र के सिहोरा गांव में पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी का डीजल जमा कर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने राजन कुमार नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिहोरा कररिया गांव निवासी राजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद डीजल को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध कारोबार और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।